शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2008

प्रत्याशियों पर भाजपा चुनाव समिति में खींचतान

भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की अंतिम बैठक के दौरान दो अलग-अलग दंगल चल रहे थे। बंद कमरे में समिति के वरिष्ठ सदस्य अपनी सिफारिशों पर अड़े थे, तो बाहर दावेदारों के समर्थक अपने नेता के लिए माहौल बना रहे थे। बैठक की संभावित गर्मी को भांप कर ही प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महामंत्री अनंत कुमार को बगैर कार्यक्रम के इस बैठक में आना पड़ा।
सुबह साढ़े 11 बजे शुरू हुई प्रत्याशी चयन की इस तीसरी बैठक में चुनाव समिति के नेता भले ही करीब आए, लेकिन सूत्रों के अनुसार उनके मतभेद पहले से ज्यादा मुखर रहे। आज राउण्ड टेबल बैठक चली। इससे पहले हुई दोनों बैठकों में से 23 को सारे नेता सोफे पर दूर-दूर बैठे थे, 24 अक्टूबर को सोफा हटा कर पास-पास कुर्सियां लगाई गई थीं। बैठक से पहले सांसद विक्रम वर्मा के घर पहुंची सुमित्रा महाजन ने करीब एक घंटे तक उनके साथ बैठ कर रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में नीले रंग की फाइल लेकर आए वर्मा पूरी तैयारी के साथ थे। अनंत कुमार भी सर्वे और परिसीमन के आधार पर तैयार रिपोर्ट लेकर बैठे। प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने दीवाली से पहले राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की सहमति से तैयार प्रत्याशियों की संभावित सूची पेश की। बावजूद इसके समिति के सदस्य वरिष्ठ सांसदों ने सभी सीटों पर पैनल में आए नामों पर गुण-दोष के आधार पर विचार करने पर जोर डाला। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो रात तक चला और सहमति के प्रयासों पर असहमति हावी होती रही।
सीएम के साथ प्रकट हुए अनंत कुमार : प्रदेश चुनाव समिति बैठक के लिए सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनंत कुमार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रकट हुए। वे सुबह ही भोपाल आए और सीएम हाउस होते हुए कार्यालय पहुंचे। प्रदेश चुनाव समिति का सदस्य न होने के बावजूद राष्ट्रीय महामंत्री थावरचंद गेहलोत पूरे समय बैठक में रहे। वे केंद्रीय चुनाव समिति में प्रदेश के इकलौते सदस्य हैं। जबकि राष्ट्रीय सचिव प्रभात झा ने अपने कक्ष में ही आज का दिन बिताया।
जोशी को लेकर लगती रही अटकलें : पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी चुनाव समिति की बैठक में निर्धारित समय से करीब एक घंटे विलंब से पहुंचे। इसे लेकर कयास लगते रहे कि वे नाराज हैं।
कुछ लोगों ने उनके घर भी फोन लगा लिया, वहां से बताया गया कि वे बैठक के लिए रवाना हो गए हैं। इसी तरह दोपहर में वे भोजन के लिए अपने घर गए तो खबर चल पड़ी कि जोशी बैठक छोड़ गए। इसके घंटे भर बाद वे वापस लौट आए।
राजगढ़ वालों का शक्ति प्रदर्शन : राजगढ़ से विधायक हरिचरण तिवारी को लेकर चुनाव समिति की बैठक के दौरान भाजपा आफिस में शक्तिप्रदर्शन हुआ। एक गुट उन्हें टिकट न देने की मांग करते हुए प्रदेश कार्यालय में आकर नारेबाजी करने लगा। इसमें पंकज शर्मा, राजू इंगले आदि शामिल थे। राष्ट्रीय महामंत्री थावरचंद गेहलोत और सह संगठन महामंत्री भगवतशरण माथुर ने उन्हें समझा बुझा कर भेजा ही था कि तिवारी के समर्थन में लोग आकर नारेबाजी करने लगे।

कोई टिप्पणी नहीं: