शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2008

साध्वी प्रज्ञा को चुनाव लड़ाना चाहती हैं उमा भारती

मालेगांव बम धमाके के सिलसिले में गिरफ्तार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के प्रति उमा भारती का समर्थन लगातार मजबूत होता जा रहा है। उमा की पार्टी भारतीय जनशक्ति (भाजश) पार्टी की ओर से प्रज्ञा को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाने की पेशकश की गई है। पार्टी की ओर से उन्हें कानूनी मदद मुहैया कराने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
भाजश के राष्ट्रीय सचिव इंदर प्रजापत ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं से कहा, इस बारे में प्रज्ञा के वकील से बात हुई है। प्रजापत ने कहा कि अगर प्रज्ञा राजी हुई तो मध्यप्रदेश में भाजपा के किसी कद्दावर नेता के खिलाफ उन्हें चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। प्रजापत ने प्रज्ञा को 'पूरी तरह निर्दोष' करार दिया और उनकी गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित तथा संत समुदाय को बदनाम करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा, 'हमें उम्मीद है कि जनता की अदालत अंतत: प्रज्ञा को बरी कर देगी।' प्रज्ञा को 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। वह तीन नवंबर तक महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधी दस्ते की हिरासत में हैं।
भाजश प्रमुख उमा भारती ने उनकी गिरफ्तारी के फौरन बाद इसे साजिश बताया था और प्रज्ञा को साफ निर्दोष करार दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं: