चुनाव आयोग ने भाजपा शासित तीन राज्यों सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर में कराने की आज घोषणा की, जिसे मिनी आम चुनाव के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि जम्मू-कश्मीर में चुनाव कराने पर फिलहाल कोई फैसला नहीं किया गया है। आयोग ने मध्यप्रदेश में 25 नवंबर, छत्ताीसगढ़ में दो चरणों में 14 और 20 नवंबर, दिल्ली में 29 नवंबर, राजस्थान में चार दिसंबर और मिजोरम में 29 नवंबर को वहां की विधानसभाओं के चुनाव कराने की घोषणा की।
मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालस्वामी ने यह घोषणा करते हुए बताया कि इन सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना एक साथ आठ दिसंबर को होगी। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आयोग अभी वहां की स्थिति का मूल्यांकन कर रहा है। मूल्यांकन के मुद्दों में सुरक्षा बलों की उपलब्धता भी शामिल है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चुनाव आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू हो जाएगी। जाति और साम्प्रदायिक आधार पर किसी तरह की अपील नहीं की जा सकेगी और मस्जिदों, चर्चो, मंदिरों या अन्य पूजा स्थलों को चुनाव प्रचार के मंच के रूप में प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि चुनाव संबंधी सभी महत्वपूर्ण घटनाओं और संवदेनशील मतदान केन्द्रों की वीडियो फिल्म बनाई जाएगी। इसके अलावा मतदान केन्द्रों के भीतर डिजिटल कैमरे लगाए जाएंगे। गोपालस्वामी ने यह भी स्पष्ट किया कि इन पांचों राज्यों में परिसीमन के आधार पर निर्धारित चुनाव क्षेत्रों के अनुरूप चुनाव होंगे। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के जरिए होगा। इन पांचों में से 230 सदस्यीय मध्यप्रदेश, 200 सदस्यीय राजस्थान और 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभाओं का कार्यकाल 14 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। 70 सदस्यीय दिल्ली और 90 सदस्यीय छत्ताीसगढ़ विधानसभाओं का कार्यकाल 17 और 21 दिसंबर को समाप्त होगा। मतदाताओं की संख्या के अनुसार सबसे अधिक तीन करोड़ 62 लाख 19 हजार 481 मतदाता राजस्थान में हैं। मध्यप्रदेश में तीन करोड़ 57 लाख पांच हजार 136, छत्ताीसगढ़ में एक करोड़ 52 लाख सात हजार 734, दिल्ली में एक करोड़ नौ लाख और मिजोरम में छह लाख 11 हजार 124 मतदाता हैं।
मिजोरम में 91 प्रतिशत, मध्यप्रदेश में 85 प्रतिशत, राजस्थान में 84.63 प्रतिशत, दिल्ली में 80 प्रतिशत और छत्ताीसगढ़ में 64.51 प्रतिशत मतदाताओं के पास फोटो पहचान पत्र हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि नक्सल प्रभावित छत्ताीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव कराने का निर्णय किया गया है। वहां 14 और 20 नवंबर को चुनाव होंगे।
बुधवार, 15 अक्टूबर 2008
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें