भोपाल। 'मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके दिग्गज मंत्रियों को उनके ही गढ़ में घेरने के लिए कांग्रेस के बड़े नेताओं को उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।' कांग्रेस को यह सलाह दी है प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष अजय सिंह 'राहुल' ने। वे यह बात चुनाव समिति की बैठक में भी रख चुके हैं।
श्री सिंह मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा कर रहे थे। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी को भी चुनाव लड़ना चाहिए। यदि वे चुनाव नहीं लड़ते हैं तो इससे गलत संदेश जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को घेरने की रणनीति के सवाल पर अजय सिंह ने कहा कि वे चुनाव समिति की बैठक में कह चुके हैं कि भाजपा के कठिन उम्मीदवारों मुख्यमंत्री, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, गोपाल भार्गव, विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी आदि के खिलाफ काग्रेस के बड़े नेताओं को चुनाव लड़ना चाहिए। इससे हम उन्हें उनके ही घर में घेरे रख सकते हैं। श्री सिंह ने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि वे भी 1993 में पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के खिलाफ भोजपुर से चुनाव लड़ चुके हैं। इसका नतीजा यह हुआ था कि भोजपुर को छोड़कर आसपास की पांचों सीटें भाजपा हार गई थी। उन्होंने कहा कि वे श्री पटवा के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पी.वी नरसिम्हा राव से लड़कर टिकट लाए थे। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ने कहा कि टिकट को लेकर नेताओं में नहीं दावेदारों में विवाद है। उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से हर नेता अपने समर्थक को टिकट दिलाने के प्रयास में हैं लेकिन इस बार सिर्फ जीतने वाले उम्मीदवार को ही टिकट मिलेगा। बसपा के सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले को प्रदेश में फेल बताते हुए राहुल ने कहा कि कांग्रेस को पिछले चुनाव में गोंगपा से जितना खतरा हुआ उसके आधे से भी कम बसपा से है।
बसपा से लोगों को सिर्फ टिकट मिल सकता है लेकिन उसके नाम से वोट नहीं। श्री सिंह ने कहा कि सिर्फ 15 फीसदी वोट बसपा, भाजश और गोंगपा में बटेंगे और 35 से 40 फीसदी वोट लेने वाले जीत जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजश आज की स्थिति में 40 से 56 सीटें प्रभावित करेगी और भाजपा के टिकट तय होने के बाद इनकी संख्या बढ़ भी सकती है। कांग्रेस सांसद माणिक सिंह के भाजपा में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि उनके जाने से कांग्रेस अब सातों सीटें जीतेगी और वे अपने क्षेत्र तक में नहीं घुस पाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकांश टिकट 20 अक्टूबर तक तय होने की संभावना है।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें