मंगलवार, 16 सितंबर 2008

कांग्रेस से नाराज हैं 45 फीसदी मुसलमान

प्रदेश कांग्रेस के लिए खबर बुरी है कि उसका परंपरागत मुस्लिम वोट बैंक उससे छिटक रहा है। एक सर्वे में खुलासा हुआ कि प्रदेश के 45 फीसदी मुसलमान कांग्रेस के खिलाफ हैं। यह खुलेआम दूसरी पार्टी में वोट करने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस के ही अल्पसंख्यक विभाग द्वारा कराया गया यह सर्वे प्रदेश कांग्रेस की चिंता बढ़ाने वाला है। विभाग ने सर्वे रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी को भी भेज दी है। साथ ही कहा है कि उन्हें इस पर यकीन न हो तो दिल्ली से किसी भी एजेंसी से सर्वे करा सकती हैं।
सूत्र बताते हैं कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने पूरे प्रदेश में एक सर्वे कराया है। इस सर्वे में अल्पसंख्यकों से जानने की कोशिश की गई कि वे किस पार्टी को वोट देना चाहते हैं। जब सर्वे रिपोर्ट आई तो विभाग ही चौंक गया। इसमें 45 फीसदी मुसलमानों ने कांग्रेस को मौका परस्त करार देते हुए वोट नहीं देने की बात की। जबकि 55 फीसदी देखो और इंतजार करो की स्थिति में रहे। सर्वे में कांग्रेस को वोट नहीं देने के संबंध में पूछे गए सवाल में अधिकांश लोगों ने कहा कि उन पर जब अत्याचार हुए तो कांग्रेस ने साथ नहीं दिया। प्रदेश में उनके नेताओं की संख्या लगातार घटती गई। जहां पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के दौर में 16-16 लोगों को कांग्रेस ने टिकट दिया वहीं अब इनकी संख्या नाम मात्र रह गई है। आलम यह है कि विधानसभा में अब कांग्रेस में मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधित्व नगण्य है। सर्वे में यह बात भी आई कि अब कांग्रेसी नेता मुस्लिम समुदाय के हित में जोरदार ढंग से बात नहीं करते हैं। इस कारण उनका रुझान समाजवादी पार्टी की तरफ ज्यादा हुआ है। इसके बाद उनकी दूसरी पसंदीदा पार्टी बसपा है। सर्वे में कांग्रेस तीसरे नंबर पर खिसक गई है। सूत्र बताते हैं कि अल्पसंख्यक भाजपा को वोट नहीं देना चाहते हैं इस कारण कांग्रेस से नाराजगी का फायदा सपा और बसपा को मिल सकता है। कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग ने सर्वे रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी को फैक्स कर दी है। इसमें विभाग की कार्यकारिणी भंग किए जाने और चार महीना बीत जाने के बावजूद नई कार्यकारिणी गठित नहीं किए जाने की भी शिकायत की गई है। इसमें विभाग के अध्यक्ष को भी निष्क्रय बताया गया है। साथ ही मुस्लिम समुदाय को वापस कांग्रेस से जोड़ने के सुझाव भी सुझाए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: