भोपाल। बागी उम्मीदवारों को मनाने के मामले में भाजपा दूसरे दलों से तेज साबित हो रही है। पार्टी के नब्बे प्रतिशत बागी शनिवार रात तक नाम वापसी के लिए राजी हो गए थे। डेमेज कंट्रोल का यह काम खुद प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। वे सुबह से देर रात तक फोन पर रूठे नेताओं को मनाते रहे।
प्रदेश में बगावत की खबरें पाकर शुक्रवार को अचानक भोपाल आए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल प्रदेशाध्यक्ष के कुशल प्रबंधन से संतुष्ट होकर शनिवार को वापस लौट गए। इससे पहले सुबह रामलाल ने प्रदेशाध्यक्ष तोमर, संगठन महामंत्री माखन सिंह, सह संगठन महामंत्री भगवतशरण माथुर, उपाध्यक्ष अनिल दवे के साथ बैठ कर प्रदेश भर की स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद प्रदेश कार्यालय में बैठ कर तोमर ने नाराज होकर पार्टी के खिलाफ नामांकन दाखिल करने वालों के साथ जिलों के प्रमुख नेताओं से चर्चा की। यह सिलसिला रात तक चला। इस मुहिम के चलते शाम को संभाग प्रभारियों के साथ होने वाली बैठक कल तक के लिए टाल दी गई। अब पार्टी कल संभाग प्रभारियों को बाकी बचे नाराज नेताओं को मनाने का जिम्मा सौंपेगी। जागरण से चर्चा में तोमर ने दावा किया है कि निर्दलीय नामांकन दाखिल करने वाले नब्बे प्रतिशत कार्यकर्ता नाम वापस लेने तैयार हैं। नाम वापसी की अंतिम तारीख दस नवंबर तक भाजपा को बगावत का कहीं भी सामना नहीं करना पड़ेगा। तोमर के अनुसार सभी लोग भाजपा के कार्यकर्ता हैं। अपेक्षाएं पूरी नहीं होने पर कई बार वे ऐसा कदम उठा लेते हैं, लेकिन सही और गलत का भान होते ही वे हमेशा पार्टी के पक्ष में ही निर्णय लेते हैं।
स्वामी लोधी को भाजपा ने बनाया हथियार
दो माह पहले भाजपा से त्यागपत्र देने वाले भारतीय जनशक्ति अध्यक्ष उमा भारती के बड़े भाई स्वामी प्रसाद लोधी ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। उमा विरोधी तेवर अख्तियार कर चुके स्वामी का इस्तेमाल भाजपा अब टीकमगढ़ में सुश्री भारती के खिलाफ करेगी। इससे पहले सुश्री भारती के चुनाव लड़ने की संभावना भांप कर ही भाजपा ने खाद्य मंत्री अखण्ड प्रताप सिंह को टीकमगढ़ से उम्मीदवार बनाया है। स्वामी की तरह अखण्ड भी काफी मुखर हैं। भाजश ने उन्हें जबेरा से चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया, जो उन्हें रास नहीं आया। स्वामी बीते सप्ताह भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मिले, तब उन्हें वापसी के लिए मना कर दिया गया था। सुश्री भारती द्वारा टीकमगढ़ से नामांकन दाखिल करते ही स्वामी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हो गए और आज उन्हें बुला कर भाजपा में शामिल कर लिया गया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने उनका स्वागत किया। लोधी के अनुसार वे अब टीकमगढ़ जाकर पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे।
सोमवार, 10 नवंबर 2008
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें