ओरछा/भोपाल। मध्य प्रदेश में गुरुवार को मतदान के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सीमा संवेदनशील हो गई है। सीमा पर स्थित पर्यटन केंद्र ओरछा में बीते दो दिनों से पुलिस अफसरों के फोनों की घंटियां लगातार बज रही हैं। ज्यादातर शिकायतें उत्तर प्रदेश से सीमा पार कर आ रही अवैध शराब, हथियारों से लैस अपराधियों व मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बंट रहे नोटों की है। उत्तर सीमा पर मध्य प्रदेश पुलिस खास नजर रखे हुए है।
ओरछा कस्बे में कई घरों की तलाशी पुलिस ले चुकी है और आने-जाने वाले वाहनों पर उसकी कड़ी नजर है। बड़ी मुश्किल से इक्का-दुक्का वाहन ही सीमा पार कर जा पा रहे हैं। हालत यह है कि पर्यटकों से भरे रहने वाले ओरछा में फिलहाल सैलानियों से ज्यादा पुलिस के जवान हैं। उस पर भी भाजपा नेताओं को अपने शासन वाली मध्य प्रदेश पुलिस नहीं, बल्कि गुजरात पुलिस पर ज्यादा भरोसा है।
जी हां, भरोसा नहीं होता तो एक बानगी देखिए। टीकमगढ़ से ओरछा के रास्ते में पृथ्वीपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुनील नायक से यह संवाददाता बात कर रहा था। उसी समय भाजपा कार्यकर्ता सूचना देते हैं कि क्षेत्र में कई सशस्त्र असामाजिक तत्व व अवैध शराब पहुंच चुकी है। नायक फोन पर कुछ अधिकारियों से बात करते हैं और उन्हें गांवों व स्थानों के बारे में बताते है। साथ ही अनुरोध करते हैं कि इस क्षेत्र में गुजरात से आए पुलिस बल को तैनात किया जाए।
मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है, लेकिन नायक को प्रदेश की पुलिस पर भरोसा नहीं है। उन्हें लगता है कि वह दबाव में आ सकती है। राज्य में चुनाव प्रचार खत्म होते ही मध्य प्रदेश की सीमाएं सील कर दी गईं हैं। उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश में प्रवेश करने में कड़ी सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ रहा है। ओरछा से दतिया के बीच में झांसी है, इसलिए दो बार सीमाओं से गुजरना पड़ता है।
दतिया जिले में मुकाबला तो भाजपा व कांग्रेस में ही है, लेकिन रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी पूरे प्रदेश में केवल यहीं सबसे ज्यादा प्रभावी है। पासवान खुद बीते एक साल में यहां के आधा दर्जन दौरे कर चुके हैं। मांडेर सीट पर उसके प्रदेश अध्यक्ष फूल सिंह बरैया ने भाजपा व कांग्रेस की मुसीबतें बढ़ाई हुई हैं। दतिया शहर की सीट पर प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्र को कांग्रेस व बसपा ने घेर रखा है। पूर्व सिंधिया रियासत के इस क्षेत्र को कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य ने प्रतिष्ठा की लड़ाई बनाया हुआ है।
गुरुवार, 27 नवंबर 2008
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें